नोखा पुलिस ने एक आरोपी को किया गिरफ्तार: 12 फरवरी को चेन स्नैचिंग की वारदात दिया था अंजाम

नोखा टाइम्स न्यूज़, नोखा।। नोखा पुलिस ने एक चेन स्नैचिंग की घटना का खुलासा करते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। यह वारदात 12 फरवरी, 2026 को थाना क्षेत्र के पंचारिया चौक के पास हुई थी। पुलिस आरोपी से गहनता से पूछताछ कर रही है। थानाधिकारी अरविंद भारद्वाज ने बताया कि 12 फरवरी को रीटा तिवाड़ी पंचारिया चौक, नोखा निवासी, पैदल जा रही थीं। इसी दौरान दो नकाबपोश बाइक सवारों ने उनके गले से सोने की चेन झपटी और फरार हो गए। रीटा तिवाड़ी की रिपोर्ट पर पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की। प्रकरण की गंभीरता को देखते हुए, जिला पुलिस अधीक्षक कावेन्द्र सागर (आईपीएस) के निर्देश पर एक विशेष टीम का गठन किया गया।
पुलिस टीम ने नोखा कस्बे में लगे करीब 50 सीसीटीवी फुटेज खंगाले। फुटेज की मदद से आरोपियों की पहचान की गई और उनके ठिकानों पर दबिश दी गई। इस दौरान घटना को अंजाम देने वाले एक आरोपी महावीर प्रसाद सोनी उर्फ राजा उर्फ भवानीशंकर को गिरफ्तार कर लिया गया। गिरफ्तार आरोपी महावीर प्रसाद सोनी उर्फ राजा उर्फ भवानीशंकर पुत्र अमरचंद, जाति सोनी, उम्र 18 साल, निवासी उगमपुरा, नोखा का रहने वाला है। पुलिस आरोपी से छीनी गई चेन की बरामदगी और वारदात में शामिल अन्य आरोपी के बारे में पूछताछ कर रही है।


