शिक्षा ढांचे को मजबूती: 2.25 करोड़ की लागत से बनेगा राजकीय बालिका उच्च माध्यमिक विद्यालय पांचू का नया भवन, भूमि पूजन संपन्न

शिक्षा ढांचे को मजबूती: 2.25 करोड़ की लागत से बनेगा राजकीय बालिका उच्च माध्यमिक विद्यालय पांचू का नया भवन, भूमि पूजन संपन्न

भास्कर न्यूज, नोखा।। नोखा उपखण्ड के पांचू क्षेत्र में बालिका शिक्षा को सशक्त बनाने की दिशा में एक अहम कदम उठाया गया। राजकीय बालिका उच्च माध्यमिक विद्यालय पांचू के नए भवन निर्माण का भूमि पूजन शुक्रवार को वैदिक मंत्रोच्चार के बीच विधिवत रूप से संपन्न हुआ। विद्यालय भवन के निर्माण हेतु राज्य सरकार द्वारा 2.25 करोड़ रुपये की राशि स्वीकृत की गई है।

निर्माणाधीन नया भवन छात्राओं को आधुनिक सुविधाओं से युक्त बेहतर शैक्षणिक वातावरण प्रदान करेगा:

प्रस्तावित भवन में आधुनिक कक्षाएं, सुसज्जित प्रयोगशालाएं, पुस्तकालय, कंप्यूटर कक्ष सहित आवश्यक आधारभूत सुविधाएं विकसित की जाएंगी, जिससे शिक्षण गुणवत्ता में उल्लेखनीय सुधार की उम्मीद है।

भूमि पूजन कार्यक्रम में विद्यालय की पूर्व प्रधानाचार्य विनीता जाखड़, सरपंच रामचंद्र जाट, विद्यालय स्टाफ, अभिभावकों तथा बड़ी संख्या में ग्रामीणों की उपस्थिति रही। पूजा-अर्चना के साथ निर्माण कार्य का शुभारंभ किया गया।

पूर्व प्रधानाचार्य विनीता जाखड़ ने अपने संबोधन में कहा कि बालिका शिक्षा समाज के समग्र विकास की आधारशिला है। नए भवन से छात्राओं को सुरक्षित, सुविधाजनक एवं प्रेरणादायक वातावरण मिलेगा, जिससे उनके सर्वांगीण विकास को नई दिशा प्राप्त होगी। उन्होंने ग्रामीणों से बेटियों की शिक्षा को प्राथमिकता देने की अपील भी की।

सरपंच रामचंद्र जाट ने इसे पंचायत क्षेत्र के लिए ऐतिहासिक उपलब्धि बताते हुए कहा कि भवन निर्माण पूर्ण होने पर विद्यालय में सुविधाएं बढ़ेंगी और अधिक से अधिक बालिकाएं गुणवत्तापूर्ण शिक्षा से जुड़ सकेंगी। उन्होंने निर्माण कार्य को समयबद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण ढंग से पूरा कराने का भरोसा दिलाया।

कार्यक्रम में हरिराम गोदारा, सत्तार अली, बाबूलाल कड़वासरा, सुनील कुमार, अशोक रामावत, राकेश बिश्नोई, ज्योति मीना सहित अन्य ग्रामीण उपस्थित रहे। ग्रामीणों ने इस पहल पर खुशी व्यक्त करते हुए इसे क्षेत्र की बेटियों के उज्ज्वल भविष्य की दिशा में महत्वपूर्ण पहल बताया। उल्लेखनीय है कि विद्यालय में वर्तमान में करीब 300 बालिकाएं अध्ययनरत हैं। नए भवन के निर्माण से छात्राओं को बेहतर संसाधन उपलब्ध होंगे, जिससे शिक्षा स्तर में सकारात्मक परिवर्तन की संभावना है।

nokhatimes

Related articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You cannot copy content of this page