भामटसर के पास सड़क हादसा: बाइक-केम्पर भिड़ंत में एक की मौत, एक गंभीर घायल

भामटसर के पास सड़क हादसा: बाइक-केम्पर भिड़ंत में एक की मौत, एक गंभीर घायल

नोखा टाइम्स न्यूज, नोखा।। नोखा-देशनोक मार्ग पर शनिवार रात को भामटसर के पास बीटेक कॉलेज के निकट हुए दर्दनाक सड़क हादसे में एक व्यक्ति की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दूसरा गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसे के बाद मौके पर राहगीरों की भीड़ जुट गई। प्राप्त जानकारी के अनुसार दो व्यक्ति अपने गांव रासीसर से एक बाइक पर सवार होकर नोखा की ओर आ रहे थे। उसी समय एक केम्पर गाड़ी नोखा से देशनोक की तरफ जा रही थी। भामटसर के पास बीटेक कॉलेज के निकट दोनों वाहनों में आमने-सामने जोरदार भिड़ंत हो गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि बाइक सवार एक व्यक्ति ने घटनास्थल पर ही दम तोड़ दिया, जबकि दूसरा गंभीर रूप से घायल होकर सड़क पर गिर पड़ा। हादसे की सूचना मिलते ही स्थानीय लोग मौके पर पहुंचे और घायलों को संभाला। घायल मनफूल पुनिया निवासी रासीसर को तुरंत नोखा के जिला अस्पताल पहुंचाया गया, जहां चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार के बाद उसकी हालत गंभीर देखते हुए बीकानेर रेफर कर दिया।

सूचना मिलने पर नोखा पुलिस भी मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण कर दुर्घटना के कारणों की जानकारी जुटाई। एएसआई मानवेन्द्र सिंह ने बताया कि हादसे में घायल रासीसर निवासी मनफूल पुनिया को बीकानेर पीबीएम भेजा गया है, जबकि रासीसर निवासी ओमप्रकाश सोनी को चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया। मृतक के शव को नोखा के जिला अस्पताल की मोर्चरी में रखवाया गया है। परिजनों को सूचना दे दी गई है और उनके पहुंचने के बाद रविवार को पोस्टमार्टम कराया जाएगा। अरुण भाम्भू ने घायल को नोखा की जिला अस्पताल पहुंचाया।

nokhatimes

Related articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You cannot copy content of this page