नोखागांव में मेले की तैयारियों में जुटे युवा: शीतला माता मेले से पूर्व युवाओं का श्रमदान, व्यवस्थाओं की बनी ठोस रूपरेखा

नोखा टाइम्स न्यूज, नोखा।। आगामी शीतला माता मेला को लेकर नोखागांव में तैयारियां तेज हो गई हैं। शीतला माता युवा संगठन के तत्वावधान में मेले से पूर्व गांव के युवाओं ने स्वच्छता का संकल्प लेते हुए शीतला माता मंदिर परिसर, मैदान और तालाब की सफाई के लिए श्रमदान किया। रविवार को बड़ी संख्या में युवक एकत्र हुए और सामूहिक रूप से सफाई अभियान चलाया। युवाओं ने सबसे पहले मंदिर मैदान में फैला कचरा—खाली बोतलें, प्लास्टिक और अन्य अपशिष्ट इकट्ठा कर बाहर डाला। इसके बाद तालाब (नाड़ी) की सफाई की गई, जहां लंबे समय से जमा गंदगी और प्लास्टिक कचरे को हटाया गया। श्रमदान के इस अभियान को लेकर ग्रामीणों ने युवाओं की सराहना की।
मेले में आने वाले श्रद्धालुओं की सुविधा को ध्यान में रखते हुए पार्किंग व्यवस्था, अस्थायी दुकानों के स्थान, परिक्रमा लाइन, पेयजल, सुरक्षा व्यवस्था सहित अन्य आवश्यक व्यवस्थाओं को लेकर भी विस्तृत चर्चा की गई। ग्रामीणों ने सुझाव दिया कि मेले के दौरान भीड़ को व्यवस्थित रखने और श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की परेशानी न हो, इसके लिए पूर्व योजना बनाकर जिम्मेदारियां तय की जाएं।
सफाई अभियान और बैठक में हाथी सिंह, गुमान सिंह सांखला, उत्तम लुणावत, गजेन्द्र सिंह राठौड़, जितेन्द्र पंचारिया, सुंदरलाल सोनी, पवन पंचारिया, अभय सिंह, श्याम सिंह सांखला, गजेंद्र सिंह कच्छावा, महेंद्र सिंह, राजेन्द्र पंचारिया, बाबू सिंह, जितेन्द्र सिंह शेखावत, धर्मेंद्र दाधीच, महावीर सिंह, कानसिंह, अमन सिंह, युवराज सिंह, वीरेंद्र,मनीष सिंह सहित अनेक ग्रामीण मौजूद रहे।
ग्रामीणों ने बताया कि मेले में हर वर्ष बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंचते हैं, इसलिए स्वच्छता के साथ-साथ व्यवस्थाओं का सुव्यवस्थित होना भी जरूरी है। युवाओं ने गांववासियों से अपील की कि सभी मिलकर सहयोग करें, ताकि शीतला माता मेले का आयोजन श्रद्धा, भक्ति और सुव्यवस्था के साथ संपन्न हो सके। ज्ञात रहे कि नोखागांव स्थित शीतला माता मंदिर में मेला चैत्र माह के कृष्ण पक्ष की सप्तमी व अष्टमी तिथि को भरा जाएगा, जिसमें दूर-दराज से श्रद्धालु दर्शन के लिए पहुंचते हैं।


