नोखा में दो महिलाओं पर मारपीट का आरोप: बुजुर्ग महिला की शिकायत पर पुलिस ने दर्ज किया मामला

नोखा टाइम्स न्यूज, नोखा।। नोखा थाना क्षेत्र के हिंयादेसर गाँव निवासी एक महिला ने दो अन्य महिलाओं पर मारपीट करने और जान से मारने की धमकी देने का आरोप लगाते हुए रविवार को मुकदमा दर्ज करवाया है। हिंयादेसर निवासी बुजुर्ग सुगनी देवी राजपुरोहित ने बताया कि 22 फरवरी की सुबह 8 बजे वह नाथजी के धुने हियादेसर में चुगा देने गई थीं वहां मीरा पत्नी जेठूसिंह और गुड्डी पुत्री जेठूसिंह राजपुरोहित आ गईं और उन्हें गालियां देने लगीं। सुगनी देवी के मना करने पर गुड्डी ने उनके मुंह पर मुक्का मारा, जिससे उनके दांत हिल गए और मुंह से खून आने लगा। इसके बाद मीरा ने उन्हें धक्का देकर गिरा दिया, जिससे उनके बाएं हाथ में चोट आई। मीरा ने जानबूझकर उनके पेट पर पैर से भी मारा, क्योंकि उसे पता था कि सुगनी देवी के एक गुर्दा है। इस चोट से सुगनी देवी के पेट में तेज दर्द शुरू हो गया। आरोपियों ने सुगनी देवी की आठ वर्षीय पोत्री मोनिका को भी चांटा मारा, जिससे वह रोने लगी। शोर सुनकर सुगनी देवी के पुत्र मनोहर सिंह घर से आ रहे थे, तभी मीरादेवी ने रास्ते में उन पर पत्थर फेंका, जो उनके सिर पर लगा और खून बहने लगा।
सुगनी देवी ने बताया कि मीरा देवी और गुड्डी देवी ने एक दिन पहले भी उन्हें गालियां दी थीं। इसके अलावा 21 को मीरा देवी के पुत्र प्रवीण सिंह ने उनके पुत्र शंकर सिंह को धमकी दी थी। रिपोर्ट में बताया कि घटना स्थल पर सीसीटीवी कैमरे भी लगे हुए हैं। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।


