नोखा में बिजली बकाया पर सख्ती: 21 कनेक्शन काटे, 4 ट्रांसफार्मर उतारे

नोखा टाइम्स न्यूज, नोखा।। जोधपुर डिस्कॉम द्वारा चलाया जा रहा राजस्व वसूली अभियान तेज हो गया है। बकाया बिजली बिल नहीं जमा कराने वाले उपभोक्ताओं के कनेक्शन काटे जा रहे हैं तथा कई स्थानों पर ट्रांसफार्मर भी उतारे जा रहे हैं। सोमवार को सहायक अभियंता रिकवरी अशोक डूडी के नेतृत्व में राजस्व वसूली टीम ने नोखा शहर में अभियान चलाकर बकाया के चलते 21 घरेलू बिजली कनेक्शन काट दिए। विभाग की इस कार्रवाई से बकायादार उपभोक्ताओं में हड़कंप मच गया।
वहीं सहायक अभियंता प्रमोद बारूपाल और कनिष्ठ अभियंता धरेंद्र धवन के नेतृत्व में पांचू क्षेत्र के धरनोक और रातड़िया गांवों में कार्रवाई करते हुए 4 ट्रांसफार्मर उतारे गए। विभाग का कहना है कि लंबे समय से बकाया नहीं चुकाने के कारण यह कदम उठाया गया है।
डिस्कॉम अधिकारियों के अनुसार राजस्व वसूली अभियान को गति देने के लिए अलग-अलग टीमें गठित की गई हैं, जो क्षेत्रवार कार्रवाई कर रही हैं। विभाग ने बकाया उपभोक्ताओं से जल्द बिजली बिल जमा कराने की अपील की है, अन्यथा आगे भी सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।


