छात्रा को रास्ते में पकड़कर चुन्नी से दबाया था गला: वारदात कर घर चला गया था आरोपी, शव मिलने के बाद ग्रामीणों के साथ धरने पर बैठा रहा

नोखा टाइम्स न्यूज़, नोखा।। बीकानेर में आठवीं बोर्ड परीक्षा देने जा रही 13 वर्षीय छात्रा की हत्या करने वाले युवक पुलिस ने को डिटेन किया है। आरोपी ने छात्रा का पीछा कर उसे रास्ते में पकड़ा और चुन्नी से गला दबाकर हत्या कर दी थी। वारदात के बाद वह अपने घर चला गया और लोगों व पुलिस को गुमराह करने के लिए शव मिलने के बाद ग्रामीणों व परिजनों के साथ एक दिन धरने पर भी बैठा रहा।
हालांकि पुलिस मामले में ज्यादा जानकारी बताने से बच रही है। जांच के बाद जल्द खुलासा करने की बात कही जा रही है। इधर, घटना के चौथे दिन मंगलवार दोपहर करीब 1 बजे धरने पर बैठे ग्रामीणों और पुलिस-प्रशासन के बीच सहमति बनने के बाद शव का पोस्टमॉर्टम कराया गया।
परीक्षा देने घर से निकली थी छात्रा
SP कावेंद्र सिंह सागर ने बताया- 21 फरवरी को 13 वर्षीय बालिका अपने घर से ढाणी होते हुए आठवीं बोर्ड की परीक्षा देने जा रही थी। दोपहर 12:15 बजे घर से निकली थी। करीब 1:46 बजे स्कूल प्रशासन से सूचना आई कि वह स्कूल नहीं पहुंची है। इसके बाद हम लोगों ने तलाश शुरू कर दी।
थोड़ी दूर पहुंचे तो बच्ची का शव अर्द्धनग्न हाल में पड़ा था। जांच में सामने आया कि रास्ते में आरोपी युवक ने छात्रा को जबरन रोक लिया। विरोध करने पर उसने बालिका का गला दबा दिया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। आशंका है कि घटना के दौरान दुष्कर्म भी किया गया।
सीसीटीवी फुटेज बना अहम सुराग
SP कावेंद्र सिंह सागर ने बताया- मामले की जांच के दौरान एक युवक सीसीटीवी फुटेज में घटना वाले दिन (21 फरवरी) की सुबह करीब 12:15 बजे दिखाई दिया था। दोपहर करीब 1 से 1:30 बजे के बीच लौटता हुआ नजर आया।
शक के आधार पर पूछताछ में युवक ने खेत में काम से जाने की बात कही। घटनास्थल और खेत की दूरी का अनुमान लगाया गया। आरोपी के बताए काम व दूरी के मुताबिक वह कुछ ही मिनटों में वापस आ सकता था, लेकिन वह काफी देर बाद लौटा।
वारदात के बाद ग्रामीणों के साथ धरने में बैठा रहा आरोपी
वारदात के बाद आरोपी घटना स्थल पर ग्रामीणों के साथ धरने पर बैठा रहा। अगले दिन 22 फरवरी को समझाइश कर बॉडी को हॉस्पिटल में शिफ्ट किया गया था। संदिग्ध युवक को दो दिन की पूछताछ के बाद सोमवार को डिटेन किया गया। सख्ती से पूछताछ की गई, जिसके बाद उसने वारदात करना कबूल कर लिया।
सहमति के बाद धरना खत्म, शव का हुआ पोस्टमॉर्टम
घटना के चौथे दिन मंगलवार दोपहर करीब 1 बजे धरने पर बैठे ग्रामीणों और पुलिस-प्रशासन में सहमति बनी। इसके बाद शव का पोस्टमॉर्टम किया गया। उपखंड प्रशासन स्तर पर परिजनों को लिखित में मांगों को लेकर आश्वासन दिया गया है। 5 लाख रुपए पीड़ित प्रतिकर योजना, 5 लाख रुपए मुख्यमंत्री सहायता कोष और परिवार के एक सदस्य को संविदा पर नौकरी दिलवाने की बात कही है। वहीं मुआवजे के रूप में एक करोड़ रुपए का प्रस्ताव भी सरकार को भेजा जाएगा।


