पीली धातु दिखाकर 7 लाख रुपए की ठगी: नोखा थाने में दर्ज कराया मामला, घी खरीदकर दिलाया भरोसा

पीली धातु दिखाकर 7 लाख रुपए की ठगी: नोखा थाने में दर्ज कराया मामला, घी खरीदकर दिलाया भरोसा

नोखा टाइम्स न्यूज़, नोखा।। नोखा थाने में मंगलवार को धोखाधड़ी का मामला दर्ज किया गया है। नाथूसर गांव निवासी आईदान राम जाट ने रिपोर्ट देकर बताया कि अज्ञात लोगों ने उन्हें पीली धातु बेचने का झांसा देकर 7 लाख रुपये ठग लिए। घटना बीकानेर में 17 फरवरी 2026 को हुई।

घी खरीदकर भरोसा दिलाया

आईदान राम जाट ने बताया-उनकी मुलाकात 26 दिसंबर 2025 को नोखा घंटाघर क्षेत्र में एक अज्ञात व्यक्ति से हुई थी। उस व्यक्ति ने पारिवारिक समस्याओं का हवाला देकर उनसे शुद्ध घी खरीदने का अनुरोध किया। विश्वास बनाने के लिए, उसने 30 दिसंबर 2025 और 25 जनवरी 2026 को बीकानेर में आईदान राम से घी खरीदा और उसका भुगतान भी किया।

7 लाख रुपए में पीली धातु बेचने का दिया झांसा

इसके बाद, 10 फरवरी 2026 को वही व्यक्ति अपने एक साथी (जिसे उसने अपना साला बताया) के साथ मिला। उन्होंने आईदान राम को एक कथित पीली धातु दिखाई और दावा किया कि यह उन्हें निर्माण कार्य के दौरान मिली है। उन्होंने लगभग 1 किलोग्राम धातु 7 लाख रुपए में बेचने की पेशकश की और किसी को भी इस बारे में जानकारी न देने को कहा।

पीली धातु लेकर 7 लाख रुपए लिए

आईदान राम ने 16 फरवरी 2026 को कृषि उपज मंडी, नोखा से अनाज बेचकर 7 लाख रुपए जुटाए। अगले दिन, 17 फरवरी 2026 को सुबह करीब 11 बजे, वह 7 लाख रुपए लेकर बीकानेर के गंगानगर चौराहे पर पहुंचे। वहां दोनों ठग उनसे मिले और उन्हें पश्चिम दिशा में छत्तरगढ़ जाने वाली बसों की ओर लगभग 30 मीटर आगे ले गए। वहां उन्होंने कथित वस्तु आईदान राम को दी और आईदान राम ने विश्वास करके 7 लाख रुपए का बैग उन्हें सौंप दिया।

पैसे लेने के बाद दोनों ठग वहां से चले गए। शाम को जब आईदान राम ने उनसे संपर्क करने की कोशिश की, तो उनके मोबाइल नंबर बंद मिले। तब उन्हें एहसास हुआ कि उनके साथ सुनियोजित धोखाधड़ी की गई है। आईदान राम ने बताया कि इस घटना के कारण वह मानसिक आघात में थे और सामाजिक दबाव के चलते तत्काल रिपोर्ट दर्ज नहीं करा सके।

nokhatimes

Related articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You cannot copy content of this page