Monday, May 25, 2026
HomeCrimeनोखा में रंगदारी के मामले से फिर चर्चा में हिस्ट्रीशीटर गोदारा:-सिक्योरिटी में...

नोखा में रंगदारी के मामले से फिर चर्चा में हिस्ट्रीशीटर गोदारा:-सिक्योरिटी में चार गार्ड रखता है रोहित; 3 गैंग लीड करता है, रंगदारी के लिए बेखौफ गोलियां चलवा देता

नोखा टाइम्स न्यूज, नोखा।। नोखा में प्रॉपर्टी के डीलर के घर घुसकर रंगदारी मांगने और बीकानेर में डकैती की योजना बनाते पकड़े गए बदमाशों के कबूलनामे पर एक बार फिर हार्डकोर क्रिमिनल रोहित गोदारा चर्चा में आ गया है। मोनू और गुठली गैंग के साथ-साथ खुद का भी गैंग लीड करने वाले रोहित गोदारा रंगदारी के लिए बेखौफ गोलियां चलवा देता है। जेल में बंद रहते हुए बीकानेर के एक व्यापारी और भाजपा नेता के रिश्तेदार पर रंगदारी के लिए गोलियां चलवाने पर भी सुर्खियों में रहा था।

सरदारशहर सरपंच मगनी देवी के देवर भीमराज की गोली मारकर हत्या करने के आरोप में रोहित जेल में था। पिछले महीने ही जमानत पर छूटने के बाद वापस सक्रिय हो गया है। हाल ही में जोड़बीड़ एरिया में पेट्रोल पंप लूटने की योजना बना रहे इसकी गैंग के छह बदमाशों को पुलिस ने पकड़ा है। उससे एक दिन पहले नोखा में शिव झंवर के यहां डकैती डालने गए। उससे रंगदारी के चार करोड़ रुपए मांगे थे। पुलिस ने नौ आरोपियों को पकड़ा। रोहित दोनों ही जगह पुलिस के हाथ नहीं लगा।

दरअसल रोहित वारदात करने के लिए गुर्गों को ही आगे भेजता है और मोबाइल पर संपर्क में रहता है। इसके पास 30 से 40 बदमाशों की टीम है। रोहित ने दिल्ली की प्राइवेट सिक्योरिटी एजेंसी से चार बॉडीगार्ड खुद की सुरक्षा के 40-40 हजार रुपए में लगा रखे हैं। सुभाषपुरा माताजी के मंदिर के पास रहने वाला रोहित मूल रूप से कालू के कपूरीसर गांव का निवासी है। एसपी ने बताया कि रोहित के दूसरे साथियों और उसके ठिकानों पर नजर रखी जा रही है। साथ ही पुलिस सोशल मीडिया की भी मदद ले रही है। उसके सोशल मीडिया फॉलोअर्स पर भी पुलिस गुपचुप नजर रख रही है।

19 वर्ष में पहला अपराध, 15 बार जेल गया रंगदारी के लिए कई बार गोली चला चुका
हार्डकोर क्रिमिनल रोहित गोदारा कालू थाने का हिस्ट्रीशीटर है। 2010 में अपराध की दुनिया में कदम रखा था। तब वह सिर्फ 19 साल का था। उसके बाद लगातार वारदात करता रहा। 15 बार जेल जा चुका है। सभी मुकदमे कोर्ट में अंडर ट्रायल हैं। कालू पुलिस ने 2018 में उसकी हिस्ट्रीशीट खोली थी। कारोबारी जुगल राठी और भाजपा नेता मोहन सुराना के भतीजे पर जेल में रहते हुए रंगदारी के लिए गोलियां चलवाईं।

बीकानेर और चूरू में हत्या, डकैती, लूट, रंगदारी के 17 मुकदमे दर्ज
रोहित गोदारा का अपनी पत्नी के विवाद रहा है। 2012 में पत्नी ने दहेज के लिए परेशान करने का मुकदमा महिला थाने में दर्ज कराया था। इससे पहले उसके खिलाफ 2010 में जानलेवा हमले का पहला केस सदर थाने में दर्ज हुआ था। उसके बाद जयनारायण व्यास कॉलोनी, कोटगेट, बीछवाल, नयाशहर, गंगाशहर, नोखा के अलावा सरदारशहर और चूरू में हत्या, जानलेवा हमला, अवैध हथियार, डकैती, लूट, रंगदारी के कुल 17 केस दर्ज हो चुके हैं।

रोहित गोदारा को जल्द पकड़ लेंगे: एसपी
रोहित गोदारा की पूरी हिस्ट्री खंगाली जा रही है। वह हार्डकोर क्रिमिनल है। उसे पकड़ने के सभी प्रयास किए जा रहे हैं। जल्द ही वह पुलिस की गिरफ्त में होगा। –योगेश यादव, एसपी

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

- Advertisment -
Google search engine

Most Popular

Recent Comments