मातृभाषा की मिठास में गूंजा राष्ट्रभाव: आदर्श विद्या मन्दिर नोखा में ‘मातृभाषा गौरव दिवस’ का भव्य आयोजन

नोखा टाइम्स न्यूज़, नोखा। मातृभाषा के प्रति अनुराग और राष्ट्रभावना के समन्वय का सशक्त संदेश देते हुए आदर्श विद्या मन्दिर उच्च माध्यमिक, नोखा में ‘अंतरराष्ट्रीय मातृभाषा दिवस’ के अवसर पर ‘मातृभाषा गौरव दिवस’ का गरिमामय एवं भव्य आयोजन किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ मां सरस्वती एवं भारत माता के समक्ष दीप प्रज्वलन के साथ हुआ। सांस्कृतिक सत्र में विद्यालय के अजयपाल सिंह एवं आराध्य बिश्नोई ने राजस्थानी लोक संस्कृति तथा वीर रस से ओत-प्रोत गीतों की मनोहारी प्रस्तुतियाँ देकर वातावरण को राष्ट्रभक्ति के स्वर से ओतप्रोत कर दिया।
आचार्य सांवर दान चारण ने अपने उद्बोधन में मातृभाषा के महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि मातृभाषा हमारे संस्कारों की जननी एवं विचारों की आधारशिला होती है। उन्होंने उदाहरण देते हुए कहा कि जिस प्रकार एक वृक्ष अपनी जड़ों से पोषण प्राप्त करता है, उसी प्रकार मनुष्य अपनी मातृभाषा से बौद्धिक एवं सांस्कृतिक ऊर्जा ग्रहण करता है। अपनी भाषा का संरक्षण करना, वस्तुतः अपनी पहचान को सुरक्षित रखना है।
प्रधानाचार्य आशीष डागा ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि मातृभाषा का गौरव क्षेत्रवाद नहीं, बल्कि राष्ट्रवाद को सुदृढ़ करने वाला होना चाहिए। उन्होंने कहा, “हृदय में मातृभाषा का अनुराग हो, किंतु मस्तिष्क में सदैव ‘राष्ट्र प्रथम’ का भाव रहना चाहिए।” उन्होंने ‘भाषा और भूषा’ के प्रति किसी भी प्रकार के द्वेष भाव का त्याग करते हुए समस्त भारतीय भाषाओं के सम्मान की बात कही तथा हिंदी को राष्ट्रीय एकता के सूत्र के रूप में स्वीकार करने का आह्वान किया। इस अवसर पर विद्यालय परिवार के सदस्य, अतिथिगण एवं विद्यार्थी बड़ी संख्या में उपस्थित रहे। कार्यक्रम का समापन राष्ट्रगान के साथ हुआ।


