श्रीमद् भागवत कथा के दौरान सूरपुरा में भव्य प्रभात फेरी: गोशाला में की गौसेवा, भागवत कथा भी सम्पन्न

श्रीमद् भागवत कथा के दौरान सूरपुरा में भव्य प्रभात फेरी: गोशाला में की गौसेवा, भागवत कथा भी सम्पन्न

नोखा टाइम्स न्यूज, नोखा।। गांव सूरपुरा में चल रही सात दिवसीय श्रीमद् भागवत कथा के अंतिम दिन श्रद्धा और भक्ति का अद्भुत संगम देखने को मिला। समापन दिवस पर सुबह आयोजित प्रभात फेरी में हजारों की संख्या में श्रद्धालु उमड़े। प्रभात फेरी सुबह कथा स्थल से प्रारंभ होकर गांव की गोशाला तक पहुंची, जिसमें महिला-पुरुष, युवा एवं बुजुर्ग श्रद्धालु भजन-कीर्तन करते हुए शामिल हुए। प्रभात फेरी में शामिल श्रद्धालु अपनी श्रद्धा के अनुसार गुड़ लेकर गोशाला पहुंचे और गौमाता को भोग अर्पित किया। इस अवसर पर संत प्रहलाद महाराज ने उपस्थित श्रद्धालुओं को संबोधित करते हुए कहा कि गौसेवा सबसे बड़ा पुण्य का कार्य है। उन्होंने बताया कि गाय की सेवा से जीवन में सुख, शांति और समृद्धि का वास होता है।

गोशाला परिसर में हरी कीर्तन का आयोजन हुआ, जिसमें श्रद्धालु भावविभोर होकर झूम उठे। इसके पश्चात विश्राम दिवस की कथा का प्रसंग सुनाया गया, जिसे सुनकर श्रोतागण भक्ति भाव में डूब गए। कथा के समापन पर ठाकुर जी की आकर्षक और मनमोहक झांकियां सजाई गईं। झांकियों के साथ श्रद्धालुओं ने भजन-कीर्तन करते हुए श्रीमद् भागवत कथा को ठाकुर जी के मंदिर तक विधिवत रूप से पहुंचाया।

कथा के अंतिम दिन गांव का माहौल पूरी तरह भक्तिमय हो गया। आयोजन समिति एवं ग्रामीणों ने सहयोग कर कार्यक्रम को सफल बनाया। श्रद्धालुओं ने कथा आयोजन की सराहना करते हुए इसे गांव के लिए आध्यात्मिक ऊर्जा देने वाला बताया।

nokhatimes

Related articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You cannot copy content of this page