नोखा में मनाया 75वां गणतंत्र दिवस: शहर से गांवों तक उत्साह का माहौल, उत्कृष्ट कार्य करने वालों का किया सम्मानित


नोखा टाइम्स न्यूज़, नोखा।। नोखा में उपखंड स्तरीय 75वां गणतंत्र दिवस समारोह राजकीय बाबा छोटूनाथ उच्च माध्यमिक स्कूल में मनाया गया। एसडीएम रमेश देव ने तिरंगा फहराया। तहसीलदार नरेंद्र बापेडिया, नगरपालिका उपाध्यक्ष निर्मल कुमार भूरा, नोखा पंचायत समिति के बीडीओ राजेश व्यास, सीबीईओ माया बजाड़, नोखा थानाधिकारी आलोकसिंह, प्रधानाचार्य नारायण दत्त सारस्वत सहित विभागों के अधिकारी-कर्मचारी और आमजन मौजूद थे। इस अवसर पर उत्कृष्ठ कार्य करने वाले समाजसेवी पार्षद राधेश्याम लखोटिया समेत 62 लोगों को उपखण्ड स्तर पर सम्मानित किया गया।

नोखा के सिलवा गांव में उद्योगपति धर्मचंद कुलरिया ने तिरंगा फहराया। कुलरिया ने कहा कि गणतंत्र दिवस भारत के लोगों के लिए एकजुटता और गर्व का प्रतीक है। स्वतंत्रता सेनानियों के बलिदान को याद करने और भारत के लोकतांत्रिक मूल्यों को संरक्षित करने के लिए इस दिन का अपना एक अलग महत्व है। गणतंत्र दिवस समारोह भारत की संस्कृति और विरासत का प्रदर्शन भी करता है। इस दिन प्रवासियों को भी अपने गांवों में जाकर इस तरह के आयोजनों में भाग लेना चाहिए। इस अवसर पर उगमाराम कुलरिया सहित गाँव के मुख्य लोग मौजूद रहे। वही भामाशाह और उद्योगपति शंकर कुलरिया का उल्लेखनीय समाज सेवा और स्वास्थ्य सेवाओं में किए गए सहयोग के लिए जिला स्तर पर सम्मानित किया गया। इनके अलावा देवकिशन चांडक व सीमा शर्मा का भी जिला स्तर पर सम्मान किया गया।

जोरावरपुरा तेरापंथ भवन मे आज 75 वें गणतंत्र दिवस के उपलक्ष में कार्यक्रम रखा गया। इस कार्यक्रम में लगभग 70 लोगो की उपस्थिति रही। युवक परिषद और महिला मंडल की उपस्थिति मे राष्ट्रगान के स्वरों के साथ सभा अध्यक्ष भीकमचंद मरोठी, मंत्री निर्मल बुच्चा, बाबूलाल बुच्चा, ताराचंद पुगलिया, विजयराज बेद ने झंडा फहराया। इसके अलावा वृताधिकारी कार्यालय में सीओ संजय बोथरा, पंचायत समिति कार्यालय में प्रधान रामप्यारी देवी, नोखा थाना में थानाधिकारी आलोक सिंह, नोखा नगर पालिका में उपाध्यक्ष निर्मल कुमार भूरा समेत विभिन्न सरकारी कार्यालयों में भी अधिकारियों ने झंडा फहराया।



