NDPS एक्ट के मामले में आरोपी गिरफ्तारः 4 साल से चल रहा था फरार, बीकानेर पुलिस ने नोखा से पकड़ा


नोखा टाइम्स न्यूज़,नोखा।। नोखा पुलिस ने NDPS एक्ट के एक मामले में 15 हजार रुपए के इनामी अपराधी को गिरफ्तार किया है। पकड़े गए आरोपी की पहचान हरिकृष्ण उर्फ मांगी लाल (19) के रूप में हुई है। वह बीकानेर जिले के नोखा थाना क्षेत्र के बुधरो की ढाणी, ग्राम केडली का रहने वाला है।
आरोपी मार्च 2021 से फरार चल रहा था। श्रीगंगानगर के पुलिस अधीक्षक ने अक्टूबर 2024 में इस पर 15 हजार रुपए का इनाम घोषित किया था। यह गिरफ्तारी बीकानेर रेंज के पुलिस महानिरीक्षक ओमप्रकाश और जिला पुलिस अधीक्षक काविन्द्र सागर के निर्देशन में की गई। नोखा थानाधिकारी अमित कुमार और उनकी टीम ने 26 फरवरी 2025 को आरोपी को हिरासत में लिया। इसके बाद लालगढ़ जाटान थाना पुलिस को सूचित कर दिया गया।
आरोपी के खिलाफ श्रीगंगानगर के लालगढ़ जाटान थाने में 21 मार्च 2021 को NDPS एक्ट की धारा 8/15,29 के तहत मामला दर्ज किया गया था।



