नोखा विहिप का मातृशक्ति अभ्यास वर्गः पंच कर्तव्य से ही समाज में आएगा परिवर्तन, नागरिक कर्तव्य से स्वदेशी तक पर जोर


नोखा टाइम्स न्यूज़,नोखा।। विश्व हिंदू परिषद के जोधपुर प्रांत मंत्री परमेश्वर जोशी ने कहा कि समाज में बदलाव लाने के लिए पांच कर्तव्यों को अपनाना जरूरी है। नोखा स्थित पारीक भवन में आयोजित विहिप मातृशक्ति के अभ्यास वर्ग में उन्होंने यह बात कही।

जोशी ने बताया कि ये पांच कर्तव्य हैं- नागरिक कर्तव्य, सामाजिक समरसता, पर्यावरण संरक्षण, कुटुंब प्रबोधन और स्वदेशी। उन्होंने कहा कि राष्ट्रीय स्वयं सेवक संघ का शताब्दी वर्ष चल रहा है। इस दौरान पंच प्रण, पंच कर्तव्य और पंच परिवर्तन पर आधारित कार्य आगामी वर्षों तक समाज में चलेगा।
मातृशक्ति क्षेत्रीय संयोजिका अभिलाषा यादव ने कहा कि विश्व हिंदू परिषद मातृशक्ति इन पांच परिवर्तनों को समाज के निचले स्तर तक पहुंचाएगी। उनका कहना था कि प्रशिक्षण वर्ग का उद्देश्य समाज में वास्तविक बदलाव लाना है।
जोधपुर प्रांत संयोजिका विजयलक्ष्मी ने बताया कि वर्ग का समापन रविवार को होगा। इसमें अखिल भारतीय मातृशक्ति सह संयोजिका सरोज सोनी मुख्य वक्ता होंगी। कार्यक्रम में बीकानेर विभाग संयोजिका कविता यादव, सुनीता खींचड़, उर्मिला तापड़िया सहित कई महिलाएं मौजूद रहीं।




