नोखा में भगवान महावीर के 2624 वें जन्मकल्याणक महोत्सव पर निकली प्रभात फेरी: जैन समाज ने सजीव झांकियों के साथ किया भगवान महावीर के संदेश का प्रचार


नोखा टाइम्स न्यूज़,नोखा।। भगवान महावीर के 2624 वें जन्मकल्याणक महोत्सव पर नोखा में गुरुवार को भव्य प्रभात फेरी निकाली गई। सकल जैन समाज की ओर से आयोजित यह प्रभात फेरी जैन चौक से शुरू हुई।
फेरी में साध्वी राजीमती ने मंगल पाठ के माध्यम से भगवान महावीर के संदेश को जीवन में उतारने की प्रेरणा दी। उन्होंने सीमित आवश्यकताओं के साथ आनंदमय जीवन जीने का संदेश दिया।
प्रभात फेरी नोखा शहर के प्रमुख मार्गों से होकर गुजरी। इसमें हनुमान मंदिर, घंटाघर, मिर्ची पट्टी, सदर बाजार समेत कई प्रमुख स्थान शामिल थे। नोखा, जोरावरपुरा और नोखा गांव से बड़ी संख्या में श्रावक-श्राविकाएं, युवा और बच्चे शामिल हुए।
कार्यक्रम में माता त्रिशला के 14 स्वप्न और जैन धर्म के पांच महाव्रत पर आधारित सजीव झांकियां प्रस्तुत की गईं। भक्तों ने भजन गायन के साथ भगवान महावीर के प्रति अपनी श्रद्धा व्यक्त की। स्थानीय प्रशासन और पुलिस का पूरा सहयोग रहा।
सकल जैन समाज ने कार्यक्रम में शामिल सभी धर्मानुरागी साथियों का आभार व्यक्त किया। समाज के सभी लोगों ने तन-मन-धन से इस आयोजन को सफल बनाने में योगदान दिया।



