आज विश्व पुस्तक दिवस पर नोखा में विशेष कार्यक्रम हुए: साहित्यकारों ने पुस्तकों की महत्ता पर की चर्चा, पहलगाम में आंतकवादी हमले के पीड़ितों को दो मिनट का मौन रखकर दी श्रद्धांजलि

नोखा टाइम्स न्यूज़,नोखा।। अखिल भारतीय साहित्य परिषद नोखा इकाई और राजकीय सार्वजनिक पुस्तकालय नोखा ने संयुक्त रूप से विश्व पुस्तक दिवस मनाया। स्थानीय राजकीय सार्वजनिक पुस्तकालय में विचार गोष्ठी और काव्य गोष्ठी का आयोजन किया गया।
कार्यक्रम की अध्यक्षता अखिल भारतीय साहित्य परिषद के जोधपुर प्रांत अध्यक्ष डॉ. अखिलानंद पाठक ने की। कार्यक्रम की शुरुआत में पहलगाम में हुए आतंकवादी हमले के पीड़ितों को दो मिनट का मौन रखकर श्रद्धांजलि दी गई।
डॉ. पाठक ने कहा कि पुस्तकें जीवन को नई दिशा देती हैं। उन्होंने बताया कि पुस्तकों का संसार हमारी हताशा, निराशा और तनाव को दूर करने में मदद करता है। यह हमारे मन और जीवन को परिष्कृत करने का सफल माध्यम है।
काव्य गोष्ठी में नोखा और आसपास के क्षेत्र के कवियों ने अपनी रचनाएं प्रस्तुत कीं। कवि विजय कुमार तिवारी ‘कुमार विशु’ ने पहलगाम नरसंहार पर रचना सुनाई। राधेश्याम सोनी, महावीर शर्मा, दीपक गंगानगर, शिव गहलोत समेत कई कवियों ने विभिन्न विषयों पर अपनी रचनाएं प्रस्तुत कीं।
कार्यक्रम में राजकीय राठी उच्च माध्यमिक विद्यालय के प्रधानाचार्य जयदेव बिठू, पुस्तकालय अध्यक्ष सीताराम तंवर और अन्य गणमान्य लोगों ने पुस्तकों की उपयोगिता पर विचार रखे। आयोजन के संयोजक नेमीचंद गहलोत ने बताया कि परिषद का प्रयास है कि नोखा क्षेत्र में साहित्यिक गतिविधियां निरंतर चलती रहें। कार्यक्रम का संचालन जयकरण चारण ने किया।


