नोखा में किसान नेता जेठाराम डूडी की पुण्यतिथि: धर्मसभा में धर्मगुरुओं और जनप्रतिनिधियों ने दी श्रद्धांजलि, किसानों के लिए किए कार्यों को किया याद

नोखा टाइम्स न्यूज़, नोखा।। वीर तेजा जाट विश्राम गृह, नोखा में किसान नेता स्व. जेठाराम डूडी की पुण्यतिथि पर धर्मसभा और श्रद्धांजलि सभा का आयोजन हुआ। कार्यक्रम में विभिन्न धर्मों के प्रतिनिधि और जनप्रतिनिधि शामिल हुए। मुस्लिम समाज के मौलाना जमशेद आलम ने कहा कि जेठाराम जी किसानों और मजदूरों की आवाज थे। उन्होंने सभी धर्मों और समाजों को साथ लेकर चला। हिंदू धर्म के संत माधवदास ने बताया कि स्व. डूडी ने अपना जीवन वंचित वर्ग की सेवा में लगाया। वे अन्याय के खिलाफ लड़े और भाईचारे का संदेश दिया। विधायक सुशीला रामेश्वर डूडी ने स्व. डूडी के संघर्षपूर्ण जीवन को याद किया। उन्होंने कहा कि उनका परिवार नोखा और बीकानेर के लोगों के लिए हमेशा तत्पर रहेगा।
कार्यक्रम में जिला प्रमुख मोडाराम मेघवाल, पूर्व राज्य मंत्री महेंद्र गहलोत, किसान कांग्रेस जिलाध्यक्ष जगदीश बिश्नोई समेत कई नेता मौजूद रहे। सरपंच संघ के पूर्व जिलाध्यक्ष दीपाराम केडली, युवा नेता अतुल डूडी और विभिन्न सामाजिक संगठनों के पदाधिकारी भी शामिल हुए। सभा में उपस्थित सभी लोगों ने स्व. डूडी के योगदान को नमन करते हुए उनके आदर्शों को आगे बढ़ाने का संकल्प लिया। सामाजिक कार्यकर्ता मुरली गोदारा ने कार्यक्रम की जानकारी साझा की।


