नोखा में 76वां गणतंत्र दिवस धूमधाम से मनाया: तहसीलदार ने फहराया तिरंगा, छात्रों ने दी सांस्कृतिक प्रस्तुतियां


नोखा टाइम्स न्यूज़,नोखा।। नोखा में बाबा छोटूनाथजी राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय में 76वां गणतंत्र दिवस हर्षोल्लास के साथ मनाया गया। नगरपालिका उपाध्यक्ष निर्मल कुमार भूरा की अध्यक्षता में आयोजित मुख्य समारोह में तहसीलदार चंद्रशेखर टाक ने तिरंगा फहराकर परेड की सलामी ली।
कार्यक्रम में छात्र-छात्राओं ने सांस्कृतिक प्रस्तुतियां दीं और घोष प्रदर्शन किया। इस अवसर पर उपखंड स्तर पर विशेष योगदान देने वाले 64 व्यक्तियों को सम्मानित किया गया, जिनमें समाजसेवी, खिलाड़ी और भामाशाह शामिल थे।

संघ कार्यालय सेवा भारती भवन में भी विभाग संघ चालक टेकचंद बरडिया ने तिरंगा फहराया। कार्यक्रम में बीकानेर विभाग के बौद्धिक प्रमुख बद्रीनारायण जी, जिला कार्यवाह लिखमाराम जी, जिला प्रचारक विक्रम जी, नोखा नगर कार्यवाह ललित जी और नगर के स्वयंसेवक भी कार्यक्रम में सम्मिलित हुए, सभी ने एक दूसरे को गणतंत्र दिवस की शुभकामनाएं दी।
नगर के विभिन्न स्थानों पर भी तिरंगा फहराया गया। सीओ कार्यालय, नोखा थाना और पंचायत समिति परिसर में अधिकारियों ने तिरंगा फहराया। कार्यक्रम में सीओ हिमांशु शर्मा सहित कई गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे।



