नोखा में कल शुक्रवार शाम चलती कार से टकराया बाइक सवार मैकेनिक: 10 फीट उछलकर जमीन पर गिरा, गंभीर हालत में पीबीएम अस्पताल रेफर


नोखा टाइम्स न्यूज़,नोखा।। नोखा में चलती कार से टकरा कर एक बाइक सवार मैकेनिक 10 फीट उछलकर गिर गया। जिससे बाइक सवार युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। घटना आसपास लगे सीसीटीवी में कैद हो गई। घटना राठी स्कूल चौराहे पर शुक्रवार शाम की है।
पार्षद हनी गर्ग ने बताया कि मोहनपुरा बास निवासी कुशाल राणा अंबेडकर सर्किल पर बाइक मैकेनिक का काम करता है। जो शाम को वापस घर लौट रहा था। इस दौरान राठी स्कूल चौराहे पर एक चलती कार से टकरा कर वह 10 फीट दूर उछलकर गिर गया। जिससे बाइक सवार कुशाल राणा गंभीर घायल हो गया। हादसे के बाद स्थानीय लोगों ने घायल युवक को नजदीकी अस्पताल में प्राथमिक उपचार के लिए भर्ती कराया। जहां से डॉक्टरों ने गंभीर हालत होने पर पीबीएम अस्पताल रेफर कर दिया। जहां उसका इलाज जारी है।
स्थानीय निवासियों का कहना है कि राठी स्कूल चौराहा दुर्घटनाओं का हॉटस्पॉट बन चुका है। यहां अक्सर दुर्घटनाएं होती रहती हैं। यातायात व्यवस्था में सुधार और दुर्घटनाओं की रोकथाम के लिए कड़े कदम उठाने की मांग की जा रही है। फिलहाल पुलिस ने कोई मामला दर्ज नहीं किया है।



