टैक्सी में नशीला पदार्थ देकर महिला से दुष्कर्मः आरोपी ने नाबालिग बेटी से की छेड़छाड़, मां-बेटे और एक अन्य के खिलाफ केस दर्ज


नोखा टाइम्स न्यूज़,नोखा।। नोखा थाने में एक महिला ने टैक्सी चालक और उसके साथियों के खिलाफ दुष्कर्म का मामला बुधवार शाम को दर्ज कराया है। महिला ने बताया कि 15 सितंबर को रात में वह अपनी बेटी और बेटे के साथ रेलवे स्टेशन के सामने खड़ी थी। इसी दौरान कानसिंह नाम का टैक्सी चालक वहां आया और चरकडा छोड़ने का वादा कर उन्हें टैक्सी में बिठा लिया।
रास्ते में कानसिंह ने महिला को नशीले पदार्थ मिला पानी दिया। बेहोश होने पर उसे नोखा स्थित करणीनगर के घर ले गया। वहां आरोपी ने दुष्कर्म किया और अश्लील वीडियो व फोटो बना लिए। कानसिंह की मां गीताकंवर भी इस षड्यंत्र में शामिल थी, जो महिला को खाने-पीने में नशीली दवाएं देती थी।
बाद में दोनों ने महिला को नोखा के उगमपुरा स्थित मकान में ले गए। वहां भी कानसिंह ने कई बार दुष्कर्म किया। आरोपी महिला की नाबालिग बेटी से भी छेड़छाड़ करता था। विरोध करने पर मां-बेटी दोनों की पिटाई करता था।
एक अन्य आरोपी गणेश जाट ने भी चार महीने पहले महिला के साथ जबरन दुष्कर्म किया। विरोध करने पर उसने महिला का हाथ तोड़ दिया। पीड़िता 23 फरवरी 2025 को अपनी बेटी के साथ वहां से भागने में सफल रही। पुलिस ने कानसिंह, उसकी मां गीताकंवर और गणेश जाट के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।



