मुकाम में फाल्गुन मेले का आज हुआ समापनः हजारों श्रद्धालुओं ने गुरु जम्भेश्वर की समाधि पर की पूजा, तालाब से निकाली पवित्र मिट्टी


नोखा टाइम्स न्यूज़,नोखा।। नोखा स्थित बिश्नोई समाज के पवित्र तीर्थस्थल मुकाम में फाल्गुन मेला धार्मिक उत्साह के साथ गुरुवार को संपन्न हुआ। फाल्गुन अमावस्या पर देशभर से आए हजारों श्रद्धालुओं ने गुरु जम्भेश्वर भगवान की समाधि पर धोक लगाई। श्रद्धालुओं ने पर्यावरण शुद्धि के लिए अखंड यज्ञ में घी और नारियल की आहुतियां दी।
राजस्थान, पंजाब, हरियाणा और उत्तर प्रदेश से बड़ी संख्या में भक्त पहुंचे। मुकाम क्षेत्र ‘विष्णु-विष्णु तू भण रे प्राणी’ के जयकारों से गूंज उठा। सुबह से ही श्रद्धालुओं ने कतारबद्ध होकर दर्शन किए। उन्होंने पाहल ग्रहण की और मौजूद संतों का आशीर्वाद लिया। समराथल धोरे पर भी भक्तों की भीड़ उमड़ी। श्रद्धालुओं ने तालाब से पवित्र मिट्टी निकाली। इस मिट्टी को हाथों से निकालना पुण्य का कार्य माना जाता है।
मेला परिसर में अस्थाई दुकानों पर खूब खरीदारी हुई। देश के विभिन्न हिस्सों से आए व्यापारियों ने कृषि उपकरण और सौंदर्य प्रसाधनों की दुकानें लगाईं। नोखा पुलिस के सीओ हिमांशु शर्मा के नेतृत्व में मेले की सुरक्षा व्यवस्था की गई।

