राजसखी बीकानेर मेला में महिला सशक्तिकरण की पहलः नोखा की स्वयं सहायता समूह की महिलाओं ने देखे हस्तनिर्मित उत्पाद, 11 मार्च तक चलेगा मेला


नोखा टाइम्स न्यूज़,नोखा।। बीकानेर में जयनारायण व्यास कॉलोनी स्थित ग्रामीण हाट में राजसखी मेले का आयोजन किया जा रहा है। जिला प्रशासन और राजीविका की संयुक्त पहल पर आयोजित इस मेले में गुरुवार को नोखा के स्वयं सहायता समूहों की महिलाओं ने एक्सपोजर विजिट किया।
मेला सुबह 10 से रात 9 बजे तक आम लोगों के लिए खुला रहेगा। राजीविका के जिला परियोजना प्रबंधक दिनेश चंद्र मिश्रा ने महिलाओं को हस्तनिर्मित उत्पादों की जानकारी दी। उन्होंने स्वयं सहायता समूहों के गठन और सरकारी योजनाओं के बारे में भी बताया।
मेले में हस्तकला, पापड़, मुंगोड़ी, भुजिया और एलोवेरा से बने उत्पादों का प्रदर्शन किया जा रहा है। राजस्थान के अन्य जिलों के स्वयं सहायता समूहों के उत्पाद भी यहां उपलब्ध हैं। राज्य के पारंपरिक व्यंजनों का स्वाद भी लोग ले रहे हैं।
नाबार्ड के जिला विकास प्रबंधक रमेश तांबिया ने महिलाओं को स्वरोजगार के लिए ऐसे आयोजनों की नियमितता पर जोर दिया। महिला अधिकारिता विभाग की उपनिदेशक डॉ. अनुराधा सक्सेना ने बताया कि सरकार महिलाओं को आर्थिक रूप से सशक्त बनाने के लिए कई योजनाएं चला रही है।
मेले में पर्यटन विभाग के सहयोग से लोक नृत्य चरी और भवई का प्रदर्शन भी किया गया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में लोगों की उपस्थिति रही।




