टीबी मुक्त राजस्थान अभियान में स्कूली बच्चों की भागीदारीः नोखा और पांचू के गांवों में रैली, प्रतियोगिताओं के जरिए टीबी जागरूकता फैलाई


नोखा टाइम्स न्यूज़,नोखा।। राजस्थान में टीबी मुक्त ग्राम अभियान जोरों पर चल रहा है। चिकित्सा एवं स्वास्थ्य विभाग की ओर से नोखा और पांचू के ग्रामीण क्षेत्रों में विशेष जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं।
बीसीएमओ डॉ. कैलाश गहलोत के निर्देशन में यह अभियान चलाया जा रहा है। शनिवार को नोखा के कई गांवों में स्कूली बच्चों ने रैलियां निकालीं। इनमें बादनु, बिलनियसर, रामनगर, बिदासरिया, बिकासर और नोखा गांव शामिल हैं।
ब्लॉक एसटीएलएस जगदीश कुमार और एसटीएस रियाजुदीन भाटी की देखरेख में विभिन्न गतिविधियां आयोजित की गईं। इनमें नारा लेखन, वाद-विवाद प्रतियोगिता और संवाद कार्यक्रम प्रमुख हैं। इन कार्यक्रमों के माध्यम से टीबी की जांच, लक्षण, बचाव और उपचार की जानकारी दी गई।
कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य टीबी के प्रति लोगों में फैली भ्रांतियों को दूर करना है। क्षेत्र की एएनएम और आशा कार्यकर्ता भी लोगों को टीबी रोग के बारे में जागरूक कर रही हैं।




