नोखा में हर गली-मोहल्ले में होली का रंगारंग जश्न मनाया: परंपरागत तरीके से मनाया त्योहार, हिंदू-मुस्लिम एकता की पेश की मिसाल


नोखा टाइम्स न्यूज़,नोखा।। नोखा में इस बार होली का त्योहार विशेष रहा। प्रखंड में परंपरागत तरीके से हर्षोल्लास के साथ रंगों का पर्व मनाया गया। शहरी और ग्रामीण क्षेत्रों में लोग रंगों में सराबोर नजर आए।

सुबह से ही होली गीतों का कार्यक्रम शुरू हो गया। “रंग बरसे चुनरवाली रंग बरसे” और “होली के दिन दिल मिल जाते हैं” जैसे लोकप्रिय गीतों पर युवा झूमते नजर आए। यह आयोजन दोपहर 2 बजे तक चला।
रंग खेलने के बाद लोगों ने एक-दूसरे के घरों का दौरा किया। गले मिलने और मिठाइयों का आदान-प्रदान करने का यह सिलसिला देर शाम तक चलता रहा। घरों में पुआ समेत विभिन्न पारंपरिक व्यंजन बनाए गए, जिनसे मेहमानों का स्वागत किया गया।
गली-मोहल्लों में बच्चों, महिलाओं और युवाओं ने एक-दूसरे पर रंग और गुलाल उड़ाकर होली की मस्ती का आनंद लिया। गांवों में चंग की थाप पर फाग गायन और नृत्य का माहौल बना रहा।
इस बार की होली सांप्रदायिक सौहार्द की मिसाल बनी। मुस्लिम समाज के लोगों ने भी उत्साहपूर्वक त्योहार में भाग लिया, जिससे आपसी भाईचारे और सद्भावना का संदेश पूरे क्षेत्र में गूंज उठा।



