पीएम श्री राजकीय उच्च प्राथमिक विद्यालय मोहनपुरा नोखा में आज विश्व जल दिवस मनायाः विद्यालय में विशेष जागरुकता अभियान, जल के महत्व के बारे में बताया


नोखा टाइम्स न्यूज़,नोखा।। नोखा में विश्व जल दिवस के अवसर पर पीएम श्री राजकीय उच्च प्राथमिक विद्यालय मोहनपुरा में विशेष जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। यह कार्यक्रम राजस्थान नगरीय आधारभूत विकास परियोजना के तहत आयोजित किया गया।
कार्यक्रम की अध्यक्षता विद्यालय के प्रधानाध्यापक अमाना राम जाखड़ ने की। अधिशाषी अभियंता दीपक मांडन के निर्देशन और सहायक अभियंता मनीष बिश्नोई के नेतृत्व में यह आयोजन संपन्न हुआ।
सामुदायिक विकास सलाहकार अशोक कुमार देवड़ा ने ग्लेशियर के महत्व पर प्रकाश डाला। उन्होंने बताया कि ग्लेशियर का पिघला हुआ जल पेयजल, कृषि, उद्योग और ऊर्जा उत्पादन के लिए आवश्यक है। साथ ही स्वस्थ पारिस्थितिकी तंत्र के लिए भी यह महत्वपूर्ण है।
विद्यालय के शिक्षक सीताराम सारण ने विश्व जल दिवस का महत्व समझाया। धन्नाराम मेघवाल ने जल संरक्षण की आवश्यकता पर बल दिया। अरविंद चौहान ने जल को जीवन के लिए अनिवार्य बताया।
कार्यक्रम में छात्रों ने जल संरक्षण के प्रति जागरूकता फैलाने के लिए विभिन्न नारे दिए। इनमें ‘जल ही जीवन है’, ‘जल है तो कल है’, ‘जल बचाओ, जीवन बचाओ’ प्रमुख थे। कार्यक्रम में गणपत राम बिश्नोई और नंदकिशोर छींपा भी उपस्थित रहे।



