नोखा में सोमवार को बुधरों की ढाणी में कच्चे मकान में लगी आगः एक महिला झुलसी


नोखा टाइम्स न्यूज़,नोखा।। नोखा में बुधरों की ढाणी में रामकिशन जाट के कच्चे मकान में सोमवार शाम को अचानक आग लग गई। आग ने इतना भयंकर रूप ले लिया कि परिवार कुछ भी बचा नहीं पाया।
आग की चपेट में आने से घर में रखा सारा घरेलू सामान नष्ट हो गया। जीरे की फसल से मिली 5 लाख 17 हजार रुपए की नगद राशि भी जलकर राख हो गई। महत्वपूर्ण दस्तावेज, आभूषण और अनाज भी आग की भेंट चढ़ गए।
स्थानीय लोगों को जैसे ही आग की सूचना मिली, वे तुरंत मौके पर पहुंचे। उन्होंने आग बुझाने का हर संभव प्रयास किया। लेकिन तब तक बहुत देर हो चुकी थी। इस हादसे में एक महिला हल्की रूप से झुलस गई। उसे तत्काल प्राथमिक उपचार दिया गया।
गांव के मुरली गोदारा के अनुसार, आग से परिवार को लगभग 20 लाख रुपए का नुकसान हुआ है। उन्होंने प्रशासन से मुआवजे की मांग की है। घटना की सूचना मिलते ही पटवारी ने मौके का निरीक्षण कर रिपोर्ट तैयार की है।



