विकसित भारत युवा संसद प्रतियोगिता में कनिष्का शेखावत का चयन, विधानसभा में रखे विचार


नोखा टाइम्स न्यूज़, नोखा।। खेल एवं युवा मंत्रालय की विकसित भारत युवा संसद भाषण प्रतियोगिता में श्री जैन आदर्श पीजी महाविद्यालय की छात्रा कनिष्का शेखावत का चयन हुआ। वह जयपुर विधानसभा में भाषण देने वाली प्रतिभागियों में शामिल रहीं। महाविद्यालय प्राचार्य डॉ अखिलानंद पाठक ने बताया कि जिला स्तर पर आयोजित प्रतियोगिता में कनिष्का ने उत्कृष्ट प्रदर्शन किया था। इसके बाद उनका चयन राज्य स्तर पर हुआ।
जयपुर विधानसभा में राजस्थान के 140 युवाओं ने विकसित भारत विषय पर अपने विचार रखे। कनिष्का भी इनमें शामिल हैं। उनकी इस उपलब्धि पर महाविद्यालय परिवार ने बधाई दी। महाविद्यालय पहुंचने पर प्राचार्य और स्टाफ ने स्मृति चिन्ह देकर सम्मानित किया। इस प्रतियोगिता का उद्देश्य 2047 तक भारत को विकसित राष्ट्र बनाने के लिए नई पीढ़ी को लोकतांत्रिक व्यवस्था के प्रति जागरूक और प्रेरित करना है।



