नोखा में बस स्टैंड पर भूली डेढ़ लाख के जेवरों से भरा बैग, ईमानदार युवक ने लौटाया

नोखा टाइम्स न्यूज, नोखा। बुधवार दोपहर नोखा बस स्टैंड पर एक महिला अपना बैग भूल गई। बैग में करीब डेढ़ लाख रुपए के सोने के जेवर थे। महिला नागौर जिले की रहने वाली है। वह बिश्नोई समाज से है। गुरु जंभेश्वर भगवान के मंदिर में दर्शन कर अपने बच्चों के साथ गांव लौट रही थी।
बस स्टैंड पर बच्चों को पानी पिलाने के लिए रुकी। पानी के कैंपर के पास बैग रख दिया और बस में बैठकर चली गई। कुछ देर बाद राम भरोसे होटल पर काम कर रहे गौरव सेवग की नजर बैग पर पड़ी। उसने बैग उठाकर अपनी दुकान में सुरक्षित रख दिया।
करीब आधे घंटे बाद महिला घबराई हुई लौटी। पानी के कैंपर के पास कुछ ढूंढने लगी। वहां मौजूद रेलवे कर्मचारी राम सिंह और गौरव सेवग ने उससे कारण पूछा। महिला ने बताया कि बैग में सोने के जेवर थे, जो वह भूल गई।
लोगों ने महिला को पहचान लिया। गौरव ने बैग लौटाया। महिला ने बैग खोलकर देखा तो सारे जेवर सुरक्षित थे। उनकी कीमत करीब डेढ़ लाख रुपए थी। महिला ने दोनों का आभार जताया और खुशी-खुशी गांव लौट गई।


