नोखा में तेज धमाके से लोग सहमे, एयरफोर्स अभ्यास में विमान के साउंड बैरियर तोड़ने की आशंका

नोखा टाइम्स न्यूज़, नोखा। गुरुवार सुबह नोखा के आसमान में अचानक लड़ाकू विमान की तेज आवाज गूंजने लगी। कुछ ही देर में जोरदार धमाका हुआ। आवाज इतनी तेज थी कि लोग घरों की छतों पर आ गए। कई लोग डर के मारे घरों से बाहर दौड़ पड़े। कस्बे में अफरा-तफरी मच गई। लोग मीडिया से जानकारी जुटाने लगे।
पुरुषोत्तम व्यास ने बताया कि वह बाजार में खड़ा था। तभी अचानक तेज आवाज आई। बाजार में मौजूद महिलाएं और बच्चे डर गए। ऐसा लगा जैसे कोई टायर फटा हो। दरअसल, नोखा क्षेत्र के ऊपर से गुजरते लड़ाकू विमान ने साउंड बैरियर तोड़ा। इससे सोनिक बूम का धमाका हुआ।
धमाका हजारों मीटर की ऊंचाई पर उड़ते विमान से हुआ। इसकी आवाज नोखा क्षेत्र में करीब 20 किलोमीटर से ज्यादा के दायरे में सुनाई दी। माडिया, रोड़ा, कुदसू, नोखागांव और नोखा शहर में लोग इस धमाके से सहम गए। धमाका इतना तेज था कि इसकी चर्चा पूरे कस्बे और आसपास के गांवों में हो रही है। इससे पहले भी इस तरह की आवाजें कई बार सुनाई दे चुकी हैं। लोग अपने-अपने स्तर पर कयास लगा रहे हैं।


