हरियालो राजस्थान अभियान: नोखा में एक पौधा अपनों के नाम, 518 पौधों का वितरण

नोखा टाइम्स न्यूज, नोखा। हरियालो राजस्थान अभियान के तहत महिला बाल विकास विभाग नोखा ने मंगलवार को 518 फलदार और छायादार पौधे बांटे। ये पौधे आंगनबाड़ी केंद्रों के माध्यम से कार्यकर्ताओं और लाभार्थियों को दिए गए। सभी कार्यकर्ताओं को अपने केंद्रों में पौधे लगाने के निर्देश दिए गए। बाल विकास परियोजना अधिकारी मंजू सोनी ने पौधों के महत्व और उनके उपयोग की जानकारी दी। उन्होंने जसरासर के पांच केंद्रों पर चंदना जयपाल महिला पर्यवेक्षक, बच्चों, शिक्षकों और कार्यकर्ताओं के साथ पौधारोपण किया। पौधों की देखरेख और संभाल की जिम्मेदारी भी दी गई। सभी पौधों को अपनों के नाम दिए गए।
महिला पर्यवेक्षक राजकुमारी यादव ने नोखा बी की कार्यकर्ताओं को पौधे वितरित किए। उन्होंने कहा, जब पौधों को अपनों के नाम देते हैं तो उनकी देखभाल भी उसी भाव से करते हैं। सभी को संकल्प दिलाया गया कि वे पौधों की पूरी जिम्मेदारी निभाएंगे। पौधों की व्यवस्था माल सिंह कनिष्ठ सहायक ने की।


