नोखा में किसान सभा की बैठक: स्मार्ट मीटर का करेंगे विरोध, फसल बीमा और सोलर प्लांट पर हुई चर्चा

नोखा टाइम्स न्यूज, नोखा। अखिल भारतीय किसान सभा की नोखा इकाई की संयोजक मंडल की बैठक जेठाराम भाम्भू की अध्यक्षता में हुई। बैठक में जिला अध्यक्ष व पूर्व विधायक गिरधारी महिया, जिला सचिव जेठाराम लाखुसर और छोगाराम तर्ड मौजूद रहे। तहसील संयोजक मंडल का गठन किया गया। जेठाराम भाम्भू को संयोजक और गोपीराम सियाग को सह-संयोजक बनाया गया। दिनेश ज्याणी को सोशल मीडिया प्रभारी की जिम्मेदारी दी गई।
बैठक में नोखा में लग रहे स्मार्ट मीटरों का विरोध करने का निर्णय लिया गया। फसल बीमा को लेकर किसानों को जरूरी जानकारी दी गई। बताया गया कि जो किसान फसल बीमा नहीं करवाना चाहते, उन्हें 24 जुलाई तक बैंक को लिखित सूचना देनी होगी। बैंक को बीमा पटवारी की गिरदावरी के अनुसार ही काटना होगा। फसल बीमा की अंतिम तिथि 31 जुलाई तय की गई है। पूर्व विधायक गिरधारी महिया ने सोलर प्लांट में किसानों के साथ हो रही अनियमितताओं का मुद्दा उठाया। उन्होंने फसल बीमा, समर्थन मूल्य और राज्य वृक्ष खेजड़ी की अवैध कटाई पर चिंता जताई। छोगाराम तर्ड ने किसान सभा को गांव-गांव तक मजबूत करने का भरोसा दिलाया। संयोजक मंडल में पूनम बिश्नोई, ओमप्रकाश सियाग, लक्ष्मण सियाग, रामसिंह रोड़ा, प्रह्लाद गोदारा और रामेश्वर भोभिया को शामिल किया गया। अगली बैठक 30 जुलाई को तहसील सम्मेलन के रूप में होगी।


