नोखा में सावन के दूसरे सोमवार पर शिवालयों में उमड़े श्रद्धालु: मंदिरों में भक्तों ने किया जलाभिषेक, भगवान भोलेनाथ की पूजा की

नोखा टाइम्स न्यूज़, नोखा।। नोखा में सावन मास के दूसरे सोमवार को शिवालयों में हर हर महादेव का जयघोष गुंजायमान हो गया। मंदिर सोमवार को श्रद्धालुओं से भरा रहा। वहीं भूतनाथ मन्दिर, तिरूपति नगर स्थित लक्ष्मीनारायण मंदिर, गंगा गौशाला स्थित पशुपतिनाथ मंदिर, तहसील स्थित अंकेश्वर महादेव मंदिर में भोलेनाथ को अक्षत, फूल, धतुरा और भांग चढ़ाकर मन्नतें मांगी गई। शांतिवन स्थित भूतनाथ मंदिर में पार्षद मनोज ओझा के साथ कई लोगों ने पूजा अर्चना की।
शिवभक्तों द्वारा नोखा नगरपालिका द्वारा निर्मित व निराश्रित गोवंश सेवा समिति द्वारा संचालित रायसर रोड़ पर स्थित नन्दीशाला नोखा में स्थित शिवालय में दुग्ध व दही का अभिषेक किया गया व भक्तमंडली के चंद्रप्रकाश झंवर ने बताया कि पं.बलराम जी शर्मा के सानिध्य में वैदिक मंत्रोच्चारण के साथ दुग्ध व दही का अभिषेक करवाया गया व बिल्वपत्र व पुष्प भोलेनाथ को अर्पित किए गए व विशेष पूजा अर्चना की गई। इस अवसर पर पार्षद अंकित तोषनीवाल,मूलाराम उपाध्याय,चन्दप्रकाश झंवर,ओमप्रकाश खिचड़,मनीष ओझा,भेरूसिंह राजपुरोहित व मातृ शक्ति और शिवभक्त उपस्थित रहे। व मंगलवार को प्रदोष होने की वजह से शिवालय में विशेष पूजा का आयोजन रखा जाएगा।
कक्कू गांव के पास स्थित सेंघाल धोरा में सावन के दूसरे सोमवार को महंत पदमगिरी महाराज के सानिध्य में पंडित नवरत्न शास्त्री के द्वारा शिवलिंग का अभिषेक किया गया। इस दौरान मनकामेश्वर महादेव के दर्शन के लिए भक्तों का तांता लगा रहा। पूरा परिसर महादेव के नारों से गुंजायमान हो उठा। इस बार सावन महीने में लगातार पूजा के कारण भगतो में विशेष उत्साह बना हुआ है। महन्त पदमगिरी महाराज ने बताया कि इस बार भक्तों के लिए विशेष व्यवस्था की गई है।


