नोखा में वाटर ट्रीटमेंट प्लांट में कर्मचारी का शव मिला: प्लांट के पास मिले थे मोबाइल और जूते, हॉस्पिटल के बाहर शव रखकर प्रदर्शन

नोखा टाइम्स न्यूज़, नोखा।। नोखा में जोरावरपुरा क्षेत्र स्थित नगर पालिका के वाटर ट्रीटमेंट प्लांट से शुक्रवार रात लापता हुए कर्मचारी का शव शनिवार सुबह मिल गया। शव मिलने के बाद परिजन आक्रोशित हो गए और उसे अस्पताल के बाहर सड़क पर रखकर आधे घंटे प्रदर्शन किया। परिजन मुआवजे सहित अन्य मांगों को लेकर प्रशासन को मौके पर बुलाने की मांग पर अड़े रहे। पुलिस की समझाइश के बाद शव को मॉर्च्युरी में रखवाया गया।
शुक्रवार रात से चल रहा था सर्च ऑपरेशन
जानकारी के अनुसार नोखा निवासी कालूराम पुत्र सीताराम वाल्मीकि की ड्यूटी शुक्रवार को दोपहर 2 बजे से रात 10 बजे तक थी। शाम करीब 5 बजे से ही परिजन उससे संपर्क करने का प्रयास कर रहे थे, लेकिन मोबाइल नहीं उठा। रात 10 बजे तक घर नहीं पहुंचने पर परिजन ट्रीटमेंट प्लांट पहुंचे। वहां अस्थायी टेंट में उसका मोबाइल और गड्ढे के बाहर उसके जूते मिले। इसके बाद परिवार और स्थानीय लोगों में हड़कंप मच गया।
सूचना मिलने पर नायब तहसीलदार सुरेश दारा और हल्का पटवारी भगवंत लोहार मौके पर पहुंचे। बाद में एसडीएम गोपाल जांगीड़, सीओ हिमांशु शर्मा और सीआई अरविंद भारद्वाज भी दल-बल के साथ वहां पहुंचे। अंधेरा और जटिल परिस्थितियों के कारण शुक्रवार रात को सर्च ऑपरेशन में दिक्कत आई। इसके बावजूद तलाश जारी रही।

शनिवार सुबह मिला शव, आधे घंटे तक किया प्रदर्शन
लगातार तलाश के बाद शनिवार सुबह करीब 8:15 बजे कर्मचारी का शव प्लांट से बरामद हुआ। शव मिलने की सूचना मिलते ही परिजन और स्थानीय लोग अस्पताल पहुंचे और वहां सड़क पर शव रखकर प्रदर्शन करने लगे। उनका कहना है कि जब तक प्रशासन मौके पर आकर मुआवजे और अन्य मांगों पर आश्वासन नहीं देता, तब तक प्रदर्शन जारी रहेगा। सूचना बाद नोखा सीओ हिमांशु शर्मा पुलिस जाप्ते के साथ मौके पर पहुंचे। समझाइश पर शव को सड़क से उठाकर हॉस्पिटल की मॉर्च्युरी में रखवाया गया। इस दौरान करीब आधे घंटे तक सड़क जाम रही।
स्थानीय लोगों में आक्रोश
घटना के बाद क्षेत्र में आक्रोश व्याप्त है। शुक्रवार रात को ही बड़ी संख्या में लोग प्लांट पर जमा हो गए थे। स्थानीय दलित नेता मगनाराम केड़ली ने प्रशासन की देर से कार्रवाई पर नाराजगी जताई। वहीं विकास मंच अध्यक्ष ललित झंवर, भाजपा अध्यक्ष गंगाराम पारीक, महेश झंवर, पार्षद हंसराज बिश्नोई, सुनील पुनिया सहित बड़ी संख्या में लोग घटनास्थल और अस्पताल परिसर में मौजूद रहे।



