नोखा में हिंदी दिवस पर संकुल स्तरीय बौद्धिक प्रतियोगिता: दीप प्रज्ज्वलन और सरस्वती वंदना से शुरुआत हुई, विद्यार्थियों ने लिया हिस्सा

नोखा टाइम्स न्यूज़, नोखा।। नोखा के आदर्श विद्या मंदिर उच्च माध्यमिक विद्यालय में हिंदी दिवस पर संकुल स्तरीय लिखित बौद्धिक प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। कार्यक्रम की शुरुआत दीप प्रज्ज्वलन और सरस्वती वंदना से हुई। संकुल प्रमुख आशीष डागा ने कहा कि विद्या भारती का उद्देश्य विद्यार्थियों को ज्ञान के साथ अपनी जड़ों से जोड़े रखना है। उन्होंने हिंदी को संस्कृति, सभ्यता और पहचान का प्रतीक बताया।
प्रतियोगिता में विद्यार्थियों ने सुलेख, श्रुतलेख, कविता लेखन, कहानी लेखन और अखंड भारत मानचित्र निर्माण में भाग लिया। इसके अलावा चित्रकला, प्रश्न मंच, कथाकथन और आशु भाषण प्रतियोगिताएं भी आयोजित की गई। निर्णायक मंडल में प्रधानाचार्य खेतदान चारण, छैलूदान चारण और चंद्रकला चौधरी सहित अन्य विद्यालयों के शिक्षक शामिल हुए। निर्णायकों ने विद्यार्थियों की लेखन क्षमता और सृजनात्मकता की सराहना की।
संकुल बौद्धिक प्रमुख राजेश स्वामी ने कहा कि विद्यार्थियों की प्रतिभा उज्ज्वल भविष्य का संकेत है। प्रतियोगिता में विजयी रहे विद्यार्थी अब जिला स्तरीय प्रतियोगिता में हिस्सा लेंगे। कार्यक्रम का समापन शांति मंत्र के साथ हुआ।


